Home उत्तर प्रदेश एससी/एसटी कल्याण योजना, गरीबी उन्मूलन योजनाओं एवं जनजातीय अधिकारों पर आयोजित हुआ...

एससी/एसटी कल्याण योजना, गरीबी उन्मूलन योजनाओं एवं जनजातीय अधिकारों पर आयोजित हुआ जागरूकता शिविर

KAUSHAMBI NEWS: सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद कौशाम्बी के तत्वावधान में आदर्श कोचिंग सेंटर संत गाडगे मुहल्ला तिल्हापुर गांव चायल कौशाम्बी में एससी/एसटी कल्याण योजनाएं, गरीबी उन्मूलन योजनाएं एवं जनजातीय अधिकार विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए डॉ. नरेन्द्र दिवाकर ने उपस्थित लोगों को बताया गया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक उत्थान के लिए सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं जैसे  केंद्र सरकार की सामाजिक न्याय मंत्रालय की योजनाओं में SC विद्यार्थियों के लिए प्री/पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, टॉप-क्लास शिक्षा, विदेश छात्रवृत्ति, छात्रावास और कोचिंग जैसी सहायता शामिल हैं। आर्थिक एवं रोजगार संबंधी योजनाएँ प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY), राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (NSFDC) के माध्यम से स्वरोजगार/ऋण सहायता, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण उद्यमिता एवं रोजगार से जुड़ी सहायता संचालित की जा रही हैं। पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पीएलवी ममता दिवाकर ने महिला एवं बाल कल्याण द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना,निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन योजना आदि के बारे में संपूर्ण जानकारी दी।सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण गजराज सिंह ने समाज कल्याण विभाग द्वारा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, छात्रवृत्ति, अनुसूचित जाति छात्रावास, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा अनुसूचित जाति बाहुल्य ग्रामों के विकास जैसी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक होना चाहिए और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करना चाहिए।
पीएलवी अमरदीप दिवाकर ने यह भी बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी सलाह और न्यायालय संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई जा सकती है। इस अवसर पर गरीबी उन्मूलन योजनाओं के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वरोजगार, रोजगार, आवास, शिक्षा, खाद्य सुरक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित विभाग एवं विधिक सेवा संस्थाओं से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय अधिकारों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों, समानता के अधिकार, शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों तथा शोषण एवं भेदभाव के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी संरक्षण के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार के अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी अमरदीप दिवाकर ने तथा धन्यवाद ज्ञापन कोचिंग के संस्थापक राहुल दिवाकर ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण गजराज सिंह, पीएलवी डॉ. नरेन्द्र दिवाकर, ममता दिवाकर, अमरदीप दिवाकर, राहुल दिवाकर, हरिशंकर, अनिल मानव, विजय कुमार, अरविंद, उमेश, अनुज, अंशु, आदर्श, एवं  बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।