एक अर्टिका कार, 12 बैटरी और दो टीवी हुईं बरामद
फतेहपुर शहर, बिंदकी, अल्लीपुर बहेरा के साथ कानपुर देहात के निवासी हैं चोर
FATEHPUR NEWS: थरियांव पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 इस्तेमाल शुदा बैटरियां, एक 43 इंच एलईडी टीवी और एक एलसीडी टीवी बरामद किया है। चोरी में इस्तेमाल की जा रही आर्टिका कार को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया। पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा स्थित प्राथमिक विद्यालय की दीवार और खिड़की तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसे थे। चोर विद्यालय से बैटरियां, इन्वर्टर, डीवीआर, एलईडी और एलसीडी टीवी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इस मामले में विद्यालय के कार्यालय अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इसी तरह 3 अगस्त को सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सैदपुरा में मौर्या आइसक्रीम फैक्ट्री के सामने खड़े ई-रिक्शे से पांच बैटरियां चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के संबंध में सुराग मिले। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी थरियांव के मार्गदर्शन में थरियांव पुलिस ने 9 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पक्का तालाब से हसवा जाने वाले मार्ग के पास एक आर्टिका कार को रोककर उसमें सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी के सामान को बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वारिश पुत्र हिदायतउल्लाह निवासी कोरवा थाना बिंदकी, नवी कादरी पुत्र अहमद अली निवासी कृष्ण बिहारी नगर, वर्मा तिराहा, फतेहपुर, आदर्श यादव पुत्र कुलदीप यादव निवासी भोगनीपुर, कानपुर देहात, अरमान पुत्र बकरीदी निवासी अल्लीपुर बहेरा थाना सुल्तानपुर घोष और गोरे पुत्र चन्दूशाह निवासी पीरनपुर कबाड़ मार्केट फतेहपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारिश, नवी कादरी और अरमान पहले चोरी के स्थान की रेकी करते थे। इसके बाद नवी या वारिश के फोन करने पर आदर्श यादव कानपुर से आर्टिका कार लेकर आता था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के सैदपुरा में ई-रिक्शे से पांच बैटरियां चोरी की गई थीं। इसके अगले दिन थरियांव क्षेत्र के हसवा प्राथमिक विद्यालय की दीवार और खिड़की तोड़कर सात बैटरियां, एलईडी-एलसीडी टीवी, इन्वर्टर और डीवीआर कैमरा चोरी किया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी का सामान कबाड़ी गोरे के माध्यम से बेचने की तैयारी में थे। पुलिस के पहुंचने से पहले उन्होंने इन्वर्टर और डीवीआर को तोड़कर फेंक दिया था। चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धाराएं बढ़ाई हैं। वहीं चोरी में इस्तेमाल आर्टिका कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ फतेहपुर और प्रतापगढ़ के अलग-अलग थानों में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी इंचार्ज हसवा उपनिरीक्षक अंबरीश मिश्रा, उपनिरीक्षक सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल नरसिंह यादव, कांस्टेबल अंकित यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार और कांस्टेबल जितेंद्र कुमार शामिल रहे।







