Home उत्तर प्रदेश बॉर्डर क्षेत्र की खाद दुकानों की निरंतर हो चेकिंग, किसानों को रोस्टर...

बॉर्डर क्षेत्र की खाद दुकानों की निरंतर हो चेकिंग, किसानों को रोस्टर के अनुसार वितरित हो उर्वरक: जिलाधिकारी

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में उर्वरक (खाद) की उपलब्धता एवं सुचारू वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में कैम्प कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में खाद की कालाबाजारी रोकने और किसानों को समय से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत-नेपाल सीमा (बॉर्डर) के समीप स्थित सभी सहकारी समितियों और निजी खाद की दुकानों का निरंतर और सघन निरीक्षण किया जाए। उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए रोस्टर के अनुसार अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर वितरण कार्य संपन्न कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी कि खाद प्राप्त करने वाले प्रत्येक किसान का पहचान नंबर एवं मोबाइल नंबर वितरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए और स्टॉक व वितरण रजिस्टर में किसी भी प्रकार की ओवरराइटिंग या हेरफेर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासनिक और कृषि विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, पीडी अनिल कुमार, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पांडेय, एआर कोऑपरेटिव प्रकाश गौतम सहित समस्त खंड विकास अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।