BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में पूरे जनपद में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया. अभियान के तहत जनपद के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई। अभियान के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक श्री विशाल पांडे, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी बलरामपुर श्री हेमंत गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री बृजेश यादव सहित जनपद की सभी तहसीलों में उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों ने प्रमुख चौराहों पर स्वयं उपस्थित होकर आमजन एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने लोगों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने तथा वाहन के सभी आवश्यक अभिलेख सदैव साथ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा से जुड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। इसी क्रम में वीर विनय चौक, बलरामपुर सहित विभिन्न स्थानों पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण-पत्र (आरसी), बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान जिन वाहन चालकों के पास सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध पाए गए तथा जो यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करते हुए मिले, उन्हें गुलाब का पुष्प भेंट कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन करने वाले नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं और ऐसे सकारात्मक प्रयासों से सुरक्षित यातायात की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 53 वाहनों को सीज किया गया, 437 वाहनों का चालान किया गया तथा कुल ₹8,17,500 के जुर्माने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने, सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन अपनाने तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई। सड़क सुरक्षा प्रशासन की विशेष प्राथमिकता है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता और प्रभावी प्रवर्तन दोनों आवश्यक हैं। यदि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे तो अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है तथा बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा की जा सकती है। जनपदवासियों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन के सभी वैध अभिलेख अपने साथ रखें तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जनपद में इस प्रकार के विशेष जनजागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।







