Home उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने किया बीएसए ग्राउंड...

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने किया बीएसए ग्राउंड का निरीक्षण

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में आगामी 11 जुलाई 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सकुशल और भव्य तरीके से संपन्न कराने के दृष्टिगत प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल बीएसए ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए समस्त तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विकास खंडवार लाभार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी खंडों के स्पष्ट बैनर लगवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि जिस स्थान पर लाभार्थियों को उपहार सामग्री दी जानी है वहां भी अनिवार्य रूप से बैनर लगाया जाए और दी जाने वाली सामग्रियों की सूची को भी बैनर के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और जो भी शेष तैयारियां हैं उन्हें समय से पूरा कर लिया जाए। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम को पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से अमलीजामा पहनाने के लिए विभिन्न विभागों के तालमेल पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सिद्धार्थनगर अजय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।