Home उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी में विद्यालय समय परिवर्तन की मांग, बीएसए को सौंपा ज्ञापन

भीषण गर्मी में विद्यालय समय परिवर्तन की मांग, बीएसए को सौंपा ज्ञापन

KAUSHAMBI NEWS: जनपद में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी, उमस और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कौशांबी के जिला संयोजक ओमदत्त त्रिपाठी के नेतृत्व में गुरुवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि परिषदीय विद्यालयों का वर्तमान संचालन समय प्रातः 8 बजे से अपराह्न 2 बजे तक है, जिसे बदलकर प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाए। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि दोपहर के समय पड़ रही तेज गर्मी और लू के कारण बच्चों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समय परिवर्तन से विद्यार्थियों को लू, डिहाइड्रेशन व अन्य मौसमी बीमारियों से बचाया जा सकेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विद्यालय समय परिवर्तन के संबंध में जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर अवनीश मिश्र, बालचंद्र, अतुल प्रकाश प्रजापति, अनूप वर्मा, रामदत्त केसरवानी व ज्ञानेश मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।