ससुराल पक्ष पर जमीन हड़पने और धमकी देने का आरोप, हदबंदी प्रक्रिया रोकने की मांग
FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र की एक विधवा महिला ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पुश्तैनी संपत्ति में अपने पति के हिस्से की जमीन एवं चल-अचल संपत्ति दिलाए जाने की मांग की है। महिला ने ससुराल पक्ष पर उसके पति के हिस्से की जमीन अपने नाम दर्ज कराने तथा उसे बेदखल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। ग्राम छनैनी, थाना खखरेरू, तहसील खागा निवासी पप्पी पत्नी स्वर्गीय कृष्ण दत्त शुक्ला ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह एक असहाय विधवा महिला है और उसके पति का निधन हो चुका है। उसकी एक पुत्री है, जिसका पालन-पोषण वह स्वयं कर रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर रामदत्त शुक्ला, जेठ शिवदत्त शुक्ला, जेठानी साधना शुक्ला, विष्णुदत्त शुक्ला एवं विजय श्री शुक्ला ने उसके पति के हिस्से की पुश्तैनी जमीन और अन्य संपत्तियां अपने नाम दर्ज करा ली हैं। उसने कहा कि वह पिछले छह वर्षों से उक्त भूमि पर काबिज है, लेकिन अब उसे वहां से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा हदबंदी का मुकदमा दायर किया गया है, जिसकी फाइल उसे नहीं दिखाई जा रही है। उसने मांग की है कि उसके पति के हिस्से की जमीन में उसका नाम दर्ज कराया जाए तथा हदबंदी की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। शिकायती पत्र में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि विपक्षी उसे गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। साथ ही उसकी पुत्री के अपहरण एवं नुकसान पहुंचाने की आशंका भी जताई है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उसके पति के हिस्से की जमीन में उसका नाम दर्ज कराने, एक-तिहाई हिस्से का सीमांकन कराकर कब्जा दिलाने तथा चल-अचल संपत्ति का अधिकार सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही उसने अपनी और अपनी पुत्री की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी गुहार लगाई है।







