SIDHARTHNAGAR NEWS : जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने युवाओं के मुद्दों पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाएं निरस्त होने, भर्तियों में विलंब और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है। वर्षों की मेहनत और परिवारों की उम्मीदों पर बार-बार परीक्षा रद्द होने की घटनाएं पानी फेर रही हैं। क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि कोटा की छात्रों की गूंज रैली के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के युवाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाया है। राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश है कि युवाओं को न्याय, अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने एलान किया कि कांग्रेस इस संघर्ष को स्थानीय भाषा में संवाद स्थापित करते हुए गांव-गांव और कस्बों तक ले जाएगी, ताकि युवाओं की आवाज को और बुलंद किया जा सके।
उन्होंने सरकार से मांग की कि परीक्षा प्रणाली पारदर्शी बनाई जाए, पेपर लीक के दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो और रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती कर रोजगार सुनिश्चित किया जाए। शिक्षा और रोजगार युवाओं का हक है, चुनावी वादा नहीं। प्रेस वार्ता में डॉ. नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह, अकील अहमद मुन्नू, सादिक अहमद, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, अश्विनी सिंह सोलंकी, डॉ. प्रमोद कुमार, कपिल देव यादव, इश्तियाक चौधरी, गालिब बिसेन, रियाज़ मनिहार, सुदामा प्रसाद और सौरभ पंछी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।







