Home उत्तर प्रदेश जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं शिकायतें, उमड़े फरियादी

जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं शिकायतें, उमड़े फरियादी

चार सौ अटठावन शिकायतों में छब्बीस का हुआ निस्तारण
PRATAPGARH NEWS: जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस पर शनिवार को लालगंज तहसील सभागार में डीएम व एसपी ने फरियादियो की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल चार सौ अटठावन शिकायतें आयीं। जिनमे से अफसरो ने मौके पर छब्बीस शिकायतों का निस्तारण कराया। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी दो सौ छब्बीस, पुलिस सत्तर, विकास तीस, समाज कल्याण ग्यारह, बेसिक शिक्षा तीन, विद्युत विभाग सोलह, आपूर्ति सत्रह व अन्य पचासी रही। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एसपी दीपक भूकर के साथ दोपहर में करीब साढ़े बारह बजे तहसील सभागार पहुंचे। इसके बाद डीएम ने एसपी के साथ एक एक कर फरियादियो की समस्याओ को सुनना शुरू किया। फरियादियो की संख्या इतनी बढ़ गयी कि समाधान दिवस के निर्धारित समय के बाद भी अफसर फरियादियो की सुनवाई करते दिखे। हालांकि इसके बावजूद तमाम फरियादियों को इस बात की निराशा भी हुई कि वे अपनी व्यथा आला अधिकारी को नही सुना सके। एसपी दीपक भूकर व सीडीओ डॉ0 राम मोहन मीना के साथ समस्याओ पर सुनवाई करते हुए डीएम ने शिकायतो का पारदर्शी, समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के कडे निर्देश दिये। वही जिलाधिकारी ने ओरीपुर नौगीर निवासी बुग्गन पुत्र रघुराज व दिनेश पुत्र महेश आदि की वरासत न होने की शिकायत पर सहायक चकबंदी अधिकारी को तलब किया। इसके साथ ही डीएम ने काश्तकार को जूता लेकर दौडाने के प्रकरण मे सम्बन्धित लेखपाल को भी तलब कर कर्रा किया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिये कि शिकायतो के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नही की जाएगी। डीएम ने भूमि सम्बन्धी मामलो पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश भी दिये। वही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पुलिस अधिकारियो व थानाध्यक्षों को समय सीमा के भीतर शिकायतो के निस्तारण के कड़े निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस का संयोजन तहसीलदार गरिमा वर्मा ने किया। इस मौके पर डीएफओ आशुतोष गुप्ता, सीओ आशुतोष मिश्र, नायब तहसीलदार पंकज कुमार, अधिशाषी अभियंता विद्युत रूपेश कुमार, ईओ इन्द्र प्रताप, लालगंज कोतवाल आलोक कुमार, थानाध्यक्ष लीलापुर, सांगीपुर, उदयपुर, जेठवारा व संग्रामगढ़ आदि मौजूद रहे।