JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी के निर्देशन में बीपीसीएल करारी में एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं सामान्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को एचआईवी/एड्स, टीबी एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्लांट प्रभारी राहुल कुलकर्णी ने किया। उन्होंने एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। शिविर में विशेषज्ञों ने एचआईवी संक्रमण से बचाव, समय पर जांच के महत्व तथा टीबी स्क्रीनिंग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान एचआईवी परामर्श, टीबी स्क्रीनिंग, ब्लड प्रेशर, शुगर, हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच के साथ परिवार नियोजन संबंधी परामर्श और आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महिला चिकित्सालय एवं संबंधित संस्थाओं के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और परामर्शदाताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए शिविर का समापन किया गया।







