Home उत्तर प्रदेश पिकअप और बाइक की टक्कर में एक की मौत एक घायल

पिकअप और बाइक की टक्कर में एक की मौत एक घायल

घायल को जिला अस्पताल किया गया रेफर, मृतक को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
PRAYAGRAJ NEWS: ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के देवहट कटरा मोड़ के पास पिकअप और बाइक की टक्कर हो जाने से बाइक सवार एक व्यक्ति की जहां मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक अब्बू लाल पुत्र हरी लाल (24) निवासी बैदवार थाना कोरांव बुधवार को देवहट कटरा बांस की कटाई करने गया हुआ था। शाम को लौटते समय वह अपनी कुल्हाड़ी देवहट कटरा ही भूल गया था। जिसे लाने के लिए गुरुवार को दोपहर अपने साथी आशीष पुत्र कमला शंकर निवासी देवहट कटरा थाना ड्रमंडगंज जनपद मिर्जापुर गया हुआ था। जैसे ही कुल्हाड़ी लेकर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे कि देवहट कटरा मोड़ के पास अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार अब्बू लाल और आशीष को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अब्बू लाल की मौके पर ही मौत हो गई। आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए। तत्काल 108 एंबुलेंस के द्वारा दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव लाया गया जहां चिकित्सकों ने अब्बू लाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल आशीष को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पाकर सीएचसी कोरांव पर थाना प्रभारी कोरांव सत्येंद्र कुमार भी अपनी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए और घायल को रेफर कराने में सहयोग किया। तत्पश्चात पंचनामा की कार्रवाई कर मृतक के शव को दोपहर 1रू30 बजे के करीब पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अब्बू लाल चार भाइयों में सबसे छोटा था। पत्नी अनीता गर्भवती है, जिसे अभी कोई संतान नहीं है। जिसका रो-रो कर बुरा हाल था। हादसे को लेकर अन्य परिवारजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था।