Home उत्तर प्रदेश चोरी की घटना के 18 दिन बाद भी पुलिस के हाथ नहीं...

चोरी की घटना के 18 दिन बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लगे कोई भी अहम सुराग, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

सुइथाकला में चोरों के हौसले बुलंद, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
JAUNPUR NEWS: थाना सरपतहां क्षेत्र के मिसिरपुर स्थित संत प्रसाद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में बीते 15 मई गुरुवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। 18 दिन बाद भी पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। विद्यालय के प्रबंधक ने एसपी को तहरीर देकर मामले की सूचना पुलिस को दे दी है, लेकिन घटना के 18 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार गुरुवार की देर रात अज्ञात चोर विद्यालय का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे, एलईडी, साउंड मशीन, दो माइक, दो इनवर्टर तथा दो बैटरी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह जब विद्यालय के प्रबंधक डॉ. विनोद सिंह ‘वत्स’ स्कूल पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और कई जरूरी उपकरण गायब थे। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। चोरों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रही है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। विद्यालय प्रबंधन ने थाने में लिखित तहरीर देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। सीओ  गिरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही आरोपियों की  गिरफ्तारी हो, इसके लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है।