MIRZAPUR NEWS: 81 दिवसीय गौविष्ठी यात्रा के तहत परम् पूज्य शंकराचार्य भगवान अविमुक्तेश्वरानंद स्वामी महाराज नगर विधानसभा क्षेत्र के राजर्षि नगर कॉलोनी पहुंचे। यहां नगरपालिका परिषद के पूर्व प्रत्याशी सतीश मिश्रा और ग्रामसभा अकोढ़ी के प्रधान सतीश तिवारी के नेतृत्व में जनपदवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। राजर्षि नगर कॉलोनी में स्थानीय लोगों द्वारा स्वामी जी का पादुका पूजन किया गया। इसके बाद आयोजित आशीर्वचन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अपने संबोधन में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौ रक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आजादी के समय गौमाता की आबादी जनमानस की आबादी से दोगुनी थी, लेकिन अब घटकर लगभग 10 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि गौमाता की संख्या में कमी का मुख्य कारण गौमांस का विदेशों में निर्यात होना है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि गौमांस निर्यात के मामले में उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है। स्वामी जी ने समाज से गौ संरक्षण के लिए जागरूक होने और गौ रक्षा के समर्थन में आगे आने की अपील की।







