PRATAPGARH NEWS: नगर कोतवाली क्षेत्र में स्थित बेल्हा देवी मंदिर के पीछे एक बाग में युवक का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव को पेड़ से लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान मृतक युवक के पास से मिले बैग, सामान और मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान अमेठी जिले के कटरा राजा हिम्मत सिंह क्षेत्र निवासी आशीष सरोज के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मानकर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार युवक और एक युवती के बीच करीब एक वर्ष से अधिक समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवक युवती से मिलने अमेठी से प्रतापगढ़ आया था, लेकिन दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी। युवक द्वारा फोन करने पर मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद युवक ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजा, जिसके बाद युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।







