Home उत्तर प्रदेश वॉल्वो बस की रफ्तार का कहर, बाइक सवार दंपति को कुचला, पत्नी...

वॉल्वो बस की रफ्तार का कहर, बाइक सवार दंपति को कुचला, पत्नी की दर्दनाक मौत, पति लड़ रहा जिंदगी की जंग ।

3
0

प्रातःकाल एक्सप्रेस  । अनिल यादव, संवाददाता
प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को लखनऊ-वाराणसी राज्यमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवार की जिंदगी उजाड़ दी। गाजी बाग पुलिस चौकी के सामने तेज रफ्तार वॉल्वो बस ने स्कूटी सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार फतनपुर थाना क्षेत्र के सुर्वा मिश्रपुर गांव निवासी राकेश यादव (38) पुत्र समर बहादुर यादव अपनी पत्नी निर्मला यादव (36) के साथ स्कूटी से रानीगंज की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही दंपति गाजी बाग पुलिस चौकी के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही वॉल्वो बस ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना स्थल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना देने के साथ ही दोनों घायलों को इलाज के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद निर्मला यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राकेश यादव की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि राकेश यादव सूरत में रहकर काम करते थे और करीब दो महीने पहले ही अपने गांव आए थे। वह सुवंशा बाजार में अपना नया घर बनवा रहे थे। परिवार के लोग घर बनने की खुशियों में जुटे थे, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। मृतका निर्मला यादव अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। मां की मौत की खबर मिलते ही बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंच गए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल वॉल्वो बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। रानीगंज पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और हाईवे पर सख्त निगरानी की मांग की है।