Home उत्तर प्रदेश देवर पर मुआवजे की रकम हड़पने का आरोप, पीड़िता ने एसीपी से...

देवर पर मुआवजे की रकम हड़पने का आरोप, पीड़िता ने एसीपी से लगाई न्याय की गुहार

PRAYAGRAJ NEWS: जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पवरी गांव में सड़क हादसे में पति की मौत के बाद मिली मुआवजे की रकम को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया है। गांव निवासी विजय कुमारी बिंद पत्नी स्वर्गीय सोनू बिंद ने अपने देवर पर धोखाधड़ी कर बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लेने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने शनिवार को सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा अब्दुस सलाम खान को तहरीर देकर न्याय की मांग की है। पीड़िता विजय कुमारी बिंद ने बताया कि वर्ष 2022 में उनके पति सोनू बिंद की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद शासन की ओर से करीब पांच लाख रुपये का मुआवजा मिला था। विजय कुमारी का आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद बैंक खाते, दस्तावेज और मुआवजे से जुड़े सभी कागजात की जानकारी उनके देवर सुनील को थी। बैंक और अन्य लेनदेन का कार्य भी वही संभालता था, क्योंकि उन्हें स्वयं बैंक संबंधी जानकारी नहीं थी। विजय कुमारी का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि खाते से कब और कितना पैसा निकाला जा रहा है। बाद में जानकारी हुई कि करीब चार लाख रुपये धोखाधड़ी कर आजाद नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में उनके देवर सुनील की भूमिका संदिग्ध है और उसकी मिलीभगत से रकम हड़पी गई है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि जब उन्होंने रुपये के बारे में पूछताछ शुरू की तो परिवार के लोगों का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि उन्हें घर से भी निकाल दिया गया और अब वह दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पति की मौत के बाद पहले ही वह मानसिक और आर्थिक संकट से जूझ रही थीं, वहीं अब मुआवजे की रकम भी गायब हो जाने से उनकी स्थिति और खराब हो गई है। शनिवार को पीड़िता सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। तहरीर में उन्होंने बैंक खाते की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने कहा कि उन्हें न्याय दिलाया जाए और उनके खाते से निकाली गई रकम वापस कराई जाए।
स्थानीय लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क हादसे में पति की मौत के बाद मिलने वाला मुआवजा पीड़ित परिवार के सहारे के लिए होता है, लेकिन यदि उसी रकम में धोखाधड़ी हो जाए तो यह बेहद गंभीर मामला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है। सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय में दी गई शिकायत के आधार पर बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई किए जाने की संभावना है।