Home उत्तर प्रदेश मदर्स डे पर विद्यालय में सजी खुशियों की महफिल, बच्चों ने माताओं...

मदर्स डे पर विद्यालय में सजी खुशियों की महफिल, बच्चों ने माताओं को किया सम्मानित

KAUSHAMBI NEWS: पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय चिल्ला शहबाजी में शनिवार को मदर्स डे बड़े ही उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों की माताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। विद्यालय पहुंचने पर माताओं का स्वागत किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। बच्चों ने गीत, कविता एवं विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और आभार व्यक्त किया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों को देखकर कई माताएं भावुक हो उठीं। उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद माताओं के लिए कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेलों में माताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यालय परिसर तालियों और खुशियों से गूंज उठा। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों के बीच आत्मीयता और अपनापन देखने को मिला। विद्यालय की शिक्षिका शिप्रा गुप्ता एवं हेमलता मिश्रा ने कहा कि मां बच्चों की पहली गुरु होती है। मदर्स डे जैसे आयोजन बच्चों में अपनी माताओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता विकसित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाना है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर खुशी और उल्लास से सराबोर रहा। अंत में सभी अभिभावकों ने विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना की।