SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई युवक व किशोर की निर्मम हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के लोटन थाना अंतर्गत ग्राम कोल्हुआ में 22 वर्षीय संदीप यादव और मोहाना में 14 वर्षीय किशोर सगीर की हत्या के बाद उपजे जनाक्रोश के बीच गुरुवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचा। नेताओं ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष का संकल्प दोहराया। घटनास्थल पर वस्तुस्थिति का जायजा लेने के बाद जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा कि सिद्धार्थनगर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मासूमों और युवाओं की निर्मम हत्या प्रदेश की ध्वस्त कानून-व्यवस्था का प्रमाण है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय प्रशासन से मांग की कि दोनों ही प्रकरणों की पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन्हें ऐसी कठोरतम सजा दिलाई जाए जो नजीर बन सके। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से पीड़ित परिवारों के भविष्य को देखते हुए एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई। वरिष्ठ नेता डॉ. नादिर सलाम, अनिल सिंह ‘अन्नू’ एवं डॉ. प्रमोद कुमार ने संयुक्त रूप से चेतावनी दी कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बरती गई, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस अवसर पर कृष्ण बहादुर सिंह, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, राजन श्रीवास्तव, रियाज मनिहार, अश्विनी सिंह सोलंकी, मुनीश ज्ञानी, जिल्ले गालिब, इश्तियाक चौधरी, होरी लाल श्रीवास्तव, मुकेश चौबे, सौरभ पंछी, आलोक कुमार, जुबैर खान और मोहम्मद उस्मान सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।







