पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ललई के करीबी और सहयोगी थे दिवंगत नेता, जनसेवा के लिए जाने जाते थे
JAUNPUR NEWS: शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अंगुली के प्रधान एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय बहादुर यादव के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंगुली के प्रधान और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय बहादुर यादव का निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। पूर्व ऊर्जा मंत्री ने सपा नेता को एक सरल, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया। कहा कि उन्होंने हमेशा समाज के हर वर्ग के लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया। पूर्व मंत्री ललई ने विजय बहादुर यादव के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विजय बहादुर यादव एक कर्मठ, ईमानदार और जुझारू नेता थे, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्होंने कहा कि “विजय बहादुर यादव का निधन व्यक्तिगत और राजनीतिक रूप से मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। वे संगठन के मजबूत स्तंभ थे और हमेशा जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते थे।” इस दुःखद घड़ी में उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।







