JHANSI NEWS: थाना बड़ागांव क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम द्वारा श्रीकृष्ण आदर्श इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं, बालकों एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति केंद्र के उद्देश्यों एवं सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के तहत महिलाओं के सशक्तिकरण एवं विकास के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं—विधवा पेंशन, सुमंगला योजना, बाल कल्याण योजनाएं एवं बाल मजदूरी उन्मूलन—पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध), 108 (एंबुलेंस सेवा) एवं 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इनके उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति टीम ने डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड, संदिग्ध कॉल एवं अनचाहे लिंक से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। साथ ही “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान के बारे में जानकारी देकर सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। इस अवसर पर मिशन शक्ति प्रभारी उप निरीक्षक पूजा राठौर, महिला कांस्टेबल सोनम जादौन, पूनम यादव, प्रगति सचान सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।







