JHANSI NEWS: भारतीय जीवन मूल्यों की पुनर्प्रतिष्ठापना एवं विश्वबंधुत्व की भावना के प्रसार के उद्देश्य से कार्यरत अंतरराष्ट्रीय संस्था हिंदी साहित्य भारती (पंजीकृत न्यास) की निर्णायक मंडल कोर समिति की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय होटल द मारवलस के सभागार में संपन्न हुई। संस्था के मूल ध्येय “मानव बन जाए जग सारा, यह पावन संकल्प हमारा” के साथ आयोजित इस बैठक में देश-विदेश से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय निर्णायक समिति के सदस्य के रूप में सहभागिता की। बैठक चार सत्रों में आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार, प्रभावी सदस्यता अभियान, विभिन्न प्रकोष्ठों के गठन, वार्षिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन, निधि संग्रह अभियान तथा प्रवास कार्यक्रमों की रूपरेखा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही संस्था की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सभी प्रदेश इकाइयों के बैंक खाते खोलने एवं संचालित गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं आकर्षक बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आगामी 16, 17 एवं 18 मई 2026 को शिर्डी (महाराष्ट्र) में आयोजित होने वाले पाँचवें अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन की सफलता हेतु महाराष्ट्र इकाई के साथ समन्वय के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया। उल्लेखनीय है कि संस्था देश के सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों एवं 37 देशों में सक्रिय संगठनात्मक संरचना के साथ कार्य कर रही है। हाल ही में फिजी एवं नेपाल में संपन्न सांस्कृतिक यात्राओं की सफलता के बाद आगामी 10 जून से मॉरीशस की एक सप्ताह की यात्रा प्रस्तावित की गई है, जिसमें देश-विदेश के लगभग 30 सदस्य सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं संस्था के ध्येय गीत के साथ हुआ। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र शुक्ल ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक लक्ष्मीनारायण भाला ने संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में आचार्य देवेन्द्र देव, डॉ. रमा (प्राचार्या, हंसराज कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. रमासिंह जादौन, डॉ. सुधीर शर्मा, डॉ. रामेन्द्र सिंह, डॉ. संजय झा, वैभव वैद्य, महर्षि शैलेश्वर स्वामी, डॉ. बलबहादुर त्रिपाठी, मोतीलाल गुप्ता, आचार्य श्री हरी, निशांत शुक्ल, संतोष शर्मा, रुचि निवेदिता, वंदना अवस्थी, सौरभ शर्मा, मयूर गर्ग, आनन्द उपाध्याय, राजदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता रही।
अंतरराष्ट्रीय महासचिव रामनिवास शुक्ल ने बैठक का संचालन किया, जबकि आभार प्रदर्शन संगठन महामंत्री प्रो. विनोद मिश्र ने किया।
यह जानकारी जनसंचार प्रकोष्ठ के प्रभारी आनन्द उपाध्याय द्वारा विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।







