Home उत्तर प्रदेश सिद्धार्थनगर में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों पर प्रशासन सख्त, आपूर्ति सामान्य

सिद्धार्थनगर में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों पर प्रशासन सख्त, आपूर्ति सामान्य

SIDHARTHNAGAR NEWS:  जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने स्पष्ट किया है कि सिद्धार्थनगर में ईंधन की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। प्रशासन के अनुसार कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भ्रामक सूचनाएं फैलाकर लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। यदि किसी पेट्रोल पंप पर अस्थायी रूप से कमी की स्थिति उत्पन्न होती है, तो संबंधित कंपनियों के अधिकारियों से समन्वय कर आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण अनावश्यक भीड़, अव्यवस्था और भय का माहौल बनता है, जो कानूनन दंडनीय अपराध है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि पेट्रोल-डीजल को लेकर झूठी जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों पर आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।इसके अलावा, यदि कोई व्यक्ति या संस्था कालाबाजारी के उद्देश्य से पेट्रोल या डीजल का अवैध भंडारण करते पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।प्रशासन ने नागरिकों से शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि संबंधित अधिकारियों से करने की अपील की है।