Home उत्तर प्रदेश दुर्गा पूजा-दशहरा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, शांति-सौहार्द के साथ मनेंगे त्योहार

दुर्गा पूजा-दशहरा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, शांति-सौहार्द के साथ मनेंगे त्योहार

SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे प्रमुख त्योहारों को शांति और सौहार्द के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। 20 सितंबर 2025 को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक हुई, जिसमें त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी थाना क्षेत्रों से आए दोनों समुदायों के प्रमुख नागरिकों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। सभी ने एकमत होकर बताया कि कोई समस्या नहीं है और वे मिलकर भाईचारे के साथ त्योहार मनाएंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान कोई भी नई परंपरा शुरू न होने दी जाए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और डीजे साउंड की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही हो। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्षों को दुर्गा पूजा आयोजकों के साथ मिलकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और थानाध्यक्षों को दुर्गा प्रतिमा पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा, विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पीडब्ल्यूडी विभाग को विसर्जन वाले रास्तों के गड्ढे भरने और विद्युत विभाग को ढीले तारों को ठीक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार सहित सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।