JAUNPUR NEWS: इत्तेहाद मिल्लत फाउंडेशन द्वारा संचालित आईएमएफ कोचिंग क्लास में सितंबर माह की परीक्षा और टेस्ट कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं के छात्रों की परीक्षाएँ ली गईं, जिनमें श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। टॉप करने वाले छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित करने का उद्देश्य न केवल उनके उत्साह को बढ़ाना था, बल्कि अन्य बच्चों को भी कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा देना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फाउंडेशन के संस्थापक जनाब अब्दुल कादिर ख़ान मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, “हमारा उद्देश्य केवल कोचिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास जगाना, समाज के प्रति जागरूक बनाना और शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में चेतना फैलाना भी है।” उन्होंने मेहनत और लगन से पढ़ाने वाले सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की दुआ दी। उन्होंने कहा कि, “हमारी दुआ है कि ये बच्चे अपने माता-पिता ही नहीं बल्कि गाँव, क्षेत्र और जिले का नाम भी रौशन करें।”







