पंचायत चुनाव निर्वाचक नामावली कार्यों के लिए लगी थी ड्यूटी, मोबाइल ऑफ कर हो गए गायब
PRAYAGRAJ NEWS: प्रदेश में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत को देखते हुए तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी है। इस चुनाव ड्यूटी में लापरवाही करने वालों पर अभी से एक्शन शुरू हो गया है। ऐसे 75 बीएलओ (बूथ लेवल आफिसर) और 9 सुपरवाइजर चिह्नित किए गए हैं जो इस कार्य में लापरवाही कर रहे थे। ड्यूटी पर उपस्थित होने के बजाय मोबाइल ऑफ कर गायब हो गए थे। संबंधित उप जिलाधिकारी की ओर से से इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। दरअसल, निर्वाचक नामावली के कार्याें के लिए शिक्षक, शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई गई थी लेकिन इसमें ज्यादातर पहले ही लापरवाही में शामिल हो गए हैं। त्रिस्तरीय पंचायत को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद के कुल 1540 गांवों में कुल 1854 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के शिक्षक, शिक्षामित्र, लेखपाल व अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। लेकिन पहले ही दिनों में बड़ी संख्या में लापरवाही करने वालों के नाम सामने आ गए। सोरांव तहसील में 309 बीएलओ और 56 सुपरवाइजराें को तैनात किया गया है लेकिन इसमें 27 बीएलओ और 9 सुपरवाइजर ऐसे हैं जो अभी तक तहसील में प्रपत्र–10 ही नहीं उपलब्ध करा सके। अब एसडीएम एचएस सैनी ने इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह फूलपुर तहसील में भी 28 बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश एसडीएम दिग्विजय सिंह ने दिए हैं।







