FATEPUR NEWS: बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के नेतृत्व में चल रहे ऐतिहासिक महाअभियान “एक राखी बुंदेलखंड के नाम” का 27वां दिन मंगलवार को धाता कस्बे में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय छात्राओं, बहनों और बुजुर्गों ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखियाँ व पत्र भेजे और रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पृथक बुंदेलखंड राज्य की सौगात देने की मांग की है। कार्यक्रम का संचालन समिति के पदाधिकारियों व स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। इस दौरान आयोजित संवाद कार्यक्रम में बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ‘बुंदेलखंडी’ ने कहा कि यह अभियान केवल राखियाँ भेजने का नहीं, बल्कि बहनों की भावनाओं और अधिकारों की अभिव्यक्ति है। देश के प्रधानमंत्री को चाहिए कि वे इस भावनात्मक आह्वान को समझें और रक्षाबंधन के पूर्व बुंदेलखंड राज्य की घोषणा कर बहनों को सच्चा उपहार दें। उन्होंने बताया कि अभियान को पूरे बुंदेलखंड में ऐतिहासिक जनसमर्थन मिल रहा है। यह आंदोलन अब घर-घर पहुंच चुका है और बहनों की राखियाँ सत्ता के दरवाजे पर दस्तक दे रही हैं। उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापार मंडल सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पृथक बुंदेलखंड राज्य के पक्ष में एक स्वर में समर्थन व्यक्त किया। अंत में यह संकल्प लिया गया कि जब तक बुंदेलखंड को उसका संवैधानिक अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक यह अभियान अनवरत जारी रहेगा।







