न्यूज चैनलों के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
JAUNPUR NEWS: ईरान के राष्ट्रपति आयतुल्ला सैयद अली खामेनाई को लेकर कुछ न्यूज चैनलों द्वारा की गई आपत्तिजनक और भ्रामक टिप्पणियों के विरोध में जौनपुर की शिया आबादी में गहरा आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को बड़ी संख्या में शिया समुदाय के जिम्मेदार व्यक्तियों ने कोतवाली पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और संबंधित न्यूज चैनलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग करते हुए एक लिखित ज्ञापन कोतवाली प्रभारी को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में कुछ मीडिया चैनलों ने आयतुल्ला खामेनाई के बारे में बेहद आपत्तिजनक और आधारहीन टिप्पणियां कीं, जिसमें उन्हें ड्रग्स का सेवन करने वाला और पूरा दिन सोने वाला बताया गया। इन झूठे और निंदनीय आरोपों से शिया समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समुदाय में भारी नाराजगी फैली है। शिया समाज के लोगों ने इस टिप्पणी को धार्मिक मान्यताओं और सम्मान के विरुद्ध बताते हुए संबंधित न्यूज चैनलों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने ज्ञापन लेने के बाद मामले की जांच कर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में तहसीन शाहिद, हसन जाहिद खान बाबू, शोएब जैदी, नसीम जैदी, पत्रकार आबिश इमाम सनी, अनम हसन, एडवोकेट इमरान जैदी, एडवोकेट यासिर इमाम, आदिल जैदी काविश, शारिक खान, सैयद मोहम्मद रजा, शाकिर जैदी, अली प्रिंस समेत कई प्रमुख लोग शामिल रहे।







