विधायक विनय वर्मा की पहल पर लगेगा मेगा कैंप
SIDDHARTHNAGAR NEWS: बिजली से जुड़ी हर समस्या के समाधान के लिए अब शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को भटकना नहीं पड़ेगा। विधायक विनय वर्मा की पहल पर 17, 18 और 19 जुलाई 2025 को शोहरतगढ़ में एक विशेष बिजली समाधान मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है। विधायक का लक्ष्य है कि जनता-जनार्दन को बिजली के क्षेत्र में हर आवश्यक सुविधा एक ही स्थान पर सुलभ हो। इस कैंप में गलत बिलिंग, कनेक्शन संबंधी शिकायतें, ट्रांसफार्मर की समस्या, लो-वोल्टेज, नए कनेक्शन, लाइन फॉल्ट और किसी भी प्रकार की उपभोक्ता असुविधा का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा। संबंधित विभाग के अधिकारी कैंप में मौजूद रहेंगे और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। विधायक के अथक प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य भी किए गए हैं। पकड़ी उपकेंद्र में 05 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित होने से लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिली है, जिससे घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अब स्थिर व पर्याप्त विद्युत आपूर्ति हो सकेगी। 04 किमी 11 केवी नई फीडर लाइन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जो लोड वितरण को संतुलित कर उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय बिजली प्रदान करेगा। बढ़नी टाउन के गोला बाजार और चट्टी बाजार में नई एलटी लाइन सर्किट बनने से लो-वोल्टेज और लोकल फॉल्ट की समस्या का समाधान हुआ है, जिससे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को सुविधा हुई है। इसके अतिरिक्त, ढेबरुआ उपकेंद्र के तहत तुलसियापुर के लिए 07 किमी 11 केवी की नई फीडर लाइन ऊर्जीकृत की गई है, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को नियमित और स्थिर बिजली मिलने लगी है, जिसका लाभ खेती और छोटे उद्योगों को भी हो रहा है। विधानसभा क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की स्थापना और उनकी क्षमता वृद्धि से फाल्ट व ट्रिपिंग की घटनाएं घटी हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को फायदा पहुंचा है। नगर निकाय योजना के अंतर्गत नगर पंचायत शोहरतगढ़ में 04 वितरण ट्रांसफार्मरों की स्थापना और नई एलटी लाइन के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे नगर क्षेत्र में बिजली वितरण प्रणाली और सुदृढ़ होगी और नागरिकों को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी। इस दौरान बैठक में बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







