AURAIYA NEWS: स्थानीय शेरगढ़ घाट यमुना पुल पर आवागमन लगभग एक माह तक बंद होने पर शहर के तमाम ठिकानों पर व्यापार एवं आवागमन को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। बताया जाता है कि सामान्य दिनों में औरैया से जालौन की दूरी 40 किलोमीटर है। अब यात्रियों को बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से होकर 80 किलोमीटर का सफर तय करना होगा। इससे ईंधन खर्च दोगुना होगा। निजी वाहनों का किराया भी 60 रुपए से बढ़कर 100-120 रुपए हो जाएगा। यात्रा में एक घंटा अतिरिक्त समय भी लगेगा। इससे लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। सबसे बड़ी चिंता शिक्षा को लेकर है। जालौन के हदरुख, कुठौंद और माधौगढ़ क्षेत्र से हजारों विद्यार्थी औरैया के निजी स्कूलों और डिग्री कॉलेजों में पढ़ते हैं। रोज 50 से अधिक स्कूल बसें इन विद्यार्थियों को लेकर आती जाती हैं। अब स्कूल प्रबंधकों को पहले जालौन जाना होगा। वहां से छात्रों को लेकर बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के रास्ते औरैया आना होगा। इस व्यवस्था से स्कूली बच्चों की दिनचर्या प्रभावित होगी। इस प्रकार की जनचर्चा शहर में कई जगह हो रही है,जिसको लेकर प्रतिदिन आने जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।







