दवाओं, जांच और निक्षय पोषण योजना के काम ठप, टीबी मरीज हलकान
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) जिला क्षय रोग विभाग में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) के कथित तौर पर लगभग 15 दिनों से कार्यालय न आने से पूरा सिस्टम चरमरा गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण दवा वितरण, जांच रिपोर्ट और निक्षय पोषण योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसका सीधा खामियाजा टीबी मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में टीबी मरीज और उनके परिजन दवा, जांच रिपोर्ट तथा निक्षय पोषण योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि की जानकारी लेने विभाग पहुंच रहे हैं। अधिकारी की गैर-मौजूदगी में आवश्यक स्वीकृतियां लंबित पड़ी हैं और फाइलों पर हस्ताक्षर नहीं हो पा रहे हैं। एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि साहब करीब दो सप्ताह से कार्यालय नहीं आए हैं। फोन पर संपर्क करने के प्रयास भी विफल रहे। प्रशासनिक स्वीकृतियों से जुड़े कई काम अटके पड़े हैं।
सबसे अधिक परेशानी निक्षय पोषण योजना के लाभार्थियों को हो रही है। कर्मचारियों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी न होने से कई मरीजों का भुगतान अटकने की आशंका है। विभाग में अधिकारी की कुर्सी पर पीला कवर ढका हुआ है और टेबल पूरी तरह खाली पड़ी है, जो उनकी लंबे समय से अनुपस्थिति की गवाही दे रही है। मरीजों और परिजनों ने उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कराकर वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की है। अधिकारी की अनुपस्थिति के कारणों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।







