MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) स्थानीय थाना क्षेत्र मड़िहान के अंतर्गत ग्राम सभा कलवारी माफी के पुरवा अमदहा निवासी रामजतन पाल की 30 भेड़, दिनेश पाल की 10 भेड़ व कतवारू पाल की 5 भेड़, कुल मिलाकर 45 भेड़ों को शुक्रवार की भोर लगभग 3 बजे पिकअप में लादकर चोर चुरा ले गए। चरवाहों ने बताया कि प्रतिदिन भेड़ों को चराने के बाद बैदौली ग्राम सभा में खरका बनाकर भेड़ों को रखा गया था। खरका में कुल 600 भेड़ें चरने के लिए रखी गई थीं। शाम के समय सभी भेड़ों को एक जगह इकट्ठा करके खरका में रख दिया जाता है। रखवाली के लिए तीनों पशुपालक चारपाई पर सोए थे। देर रात करीब 2 बजे तक चरवाहे रखवाली कर रहे थे, तभी बरसात होने की वजह से चरवाहे प्लास्टिक ओढ़कर सो गए। उसी वक्त घात लगाकर बैठे चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। बंधी के पास पिकअप वाहन के आने-जाने के पहिए के निशान पड़े हैं। पशुपालकों ने आशंका जताई कि दो दिन पहले भेड़ों को खरीदने आए व्यापारी ने दो भेड़ें खरीदी थीं, आशंका जताई जा रही है कि व्यापारी ने ही भेड़ें चुराई हैं। भेड़ों के चोरी होने की सूचना पशुपालकों ने पीआरवी 112 को दी। मौके पर पहुंची पीआरवी ने घटनास्थल का मुआयना किया। इस संबंध में सीओ ऑपरेशन मड़िहान मो. फहीम ने बताया कि भेड़ों के चोरी होने की जानकारी मिली है। भेड़ों के गायब होने की घटना की जांच की जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि भेड़ें जंगल में चरने के दौरान गुम हो गई हों। जल्द से जल्द गायब भेड़ों को बरामद कर लिया जाएगा।







