मेजर ध्यानचंद की जयंती पर बच्चों ने दौड़, कबड्डी, वालीबाल, हाकी व खो-खो में दिखाया दमखम
KAUSHAMBI NEWS: सिराथू के उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगीरा में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हाकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने बच्चों को मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने व खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाध्यापक ने कहा कि “खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। सभी बच्चे प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल के मैदान में बिताएं और स्वस्थ जीवन के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लें।” उन्होंने विद्यार्थियों से ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान से जुड़ने का भी आह्वान किया। विद्यालय में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्र वर्ग में उमेश कुमार, नितिन कुमार, दीपांशु, प्राचीन मिश्रा, अतुल, आर्यन और रोहित आदि ने हिस्सा लिया। छात्रा वर्ग में दिव्यांशी, छवि कुशवाहा, गुड़िया, खुशी अग्रहरी, मनी, सुनैना, नैना, पायल और ईशा आदि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई। बच्चों ने दौड़, कबड्डी, खो-खो, वालीबाल, रस्सीकूद, हाकी व योग में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान शिक्षक कुलदीप कुमार, नंदलाल और मृत्युंजय सिंह समेत विद्यालय के समस्त शिक्षक मौजूद रहे।







