Home उत्तर प्रदेश 125 गुम मोबाइल बरामद, जौनपुर पुलिस ने लौटाई लोगों की खुशियां

125 गुम मोबाइल बरामद, जौनपुर पुलिस ने लौटाई लोगों की खुशियां

एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन में साइबर क्राइम सेल की बड़ी सफलता, 20 लाख रुपये के मोबाइल स्वामियों को किए गए सुपुर्द
JAUNPUR NEWS: गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश में जुटी जौनपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम थाना और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 125 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान की सेकंड लीड संभाल रहे आयुष श्रीवास्तव (नोडल साइबर थाना) के कुशल मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। उनके नेतृत्व में साइबर टीम ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और राजस्थान से भी मोबाइल फोन रिकवर किए। आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अब तक कुल 1640 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 28 लाख रुपये है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने जौनपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। एसपी सिटी ने अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं, सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर तत्काल सूचना दें।