SIDHARTHNAGAR NEWS: क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शुक्रवार को शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र में चार महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन/शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर कुल 3680.51 लाख रुपये की लागत आएगी और करीब 10.77 किलोमीटर लंबाई में सड़कें विकसित की जाएंगी। लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-एक) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने धनौरा मुस्तहकम, परसा स्टेशन, समय माता स्थान बढ़नी और ढेकहरी चौराहे पर क्रमशः निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई। परियोजनाओं के तहत 2804.01 लाख रुपये की लागत से 3.92 किमी लंबी धनौरा मुस्तहकम-एसएसबी कैंप होते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा तक मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा 424.35 लाख रुपये से 1.45 किमी लंबा मिनी औद्योगिक केंद्र परसा मार्ग, 246.92 लाख रुपये से 3.10 किमी लंबा समय माता स्थान-मधवानगर-बैरहवा मार्ग तथा 205.23 लाख रुपये से 2.30 किमी लंबा ढेकहरी बुजुर्ग से ढेकहरी खुर्द संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इस अवसर पर विधायक विनय वर्मा ने कहा कि क्षेत्र की ये सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में थीं और ग्रामीण लगातार इनके निर्माण की मांग कर रहे थे। केंद्र व प्रदेश की एनडीए सरकार के सहयोग से अब इन सभी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है, जिससे आवागमन सुगम होगा और स्थानीय विकास को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि निकट भविष्य में बढ़नी व शोहरतगढ़ में बस स्टेशन तथा बढ़नी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया जाएगा। कार्यक्रम में तहसीलदार प्रकाश सिंह, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अरुण कुमार सिंह, बीडीओ अनिशि मणि पाण्डेय, जेई प्रभात पांडेय सहित शौकत अली, आरके शर्मा, दुर्गेश वर्मा, रामदास मौर्य, प्रदीप कमलापुरी, विजय पाठक, संजय मित्तल, अनिल मिश्र, विवेक सिंह, दलसिंगार दूबे, सत्यप्रकाश धर दूबे, हरगोविंद मिश्र, राजेंद्र पाण्डेय, विजय पाण्डेय, विकास पाठक, जितेन्द्र मौर्य समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।







