Home उत्तर प्रदेश जन्म शताब्दी पर पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर को श्रद्धांजलि, संघर्ष और सादगी को...

जन्म शताब्दी पर पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर को श्रद्धांजलि, संघर्ष और सादगी को किया याद

SIDHARTHNAGAR NEWS: पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जन्म शताब्दी के अवसर पर बढ़नी स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह (डाक बंगला) में शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके संघर्षशील जीवन, सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और निष्कलंक राजनीतिक आचरण को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। चन्द्रशेखर जी के लोग संगठन के तत्वावधान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता मु. इब्राहिम ने कहा कि बलिया के एक साधारण किसान परिवार से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति के शीर्ष तक पहुंचने वाले चन्द्रशेखर भारतीय लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ रहे। वे राजनीति में शुचिता के पक्षधर और परिवारवाद के कट्टर विरोधी थे। अपने बेबाक और निर्भीक व्यक्तित्व के कारण वे ‘युवा तुर्क’ और ‘दाढ़ी वाले बाबा’ के नाम से भी प्रसिद्ध रहे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1990 में प्रधानमंत्री के रूप में देश की जिम्मेदारी संभालते हुए चन्द्रशेखर ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी दृढ़ नेतृत्व का परिचय दिया। संसदीय मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें वर्ष 1995 में ‘आउटस्टैंडिंग पार्लियामेंटेरियन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। सभा में युवा नेता जावेद खान, पूर्व प्रधान गयासुद्दीन खान, शकील शाह, मसूद अजहर, कर्तव्य यादव, फैजान, दशरथ सहित अन्य लोगों ने पुष्प अर्पित कर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।