SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा से सटे बढ़नी क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल पंपों पर मोटर साइकिलों की लंबी कतारें आम हो गई हैं। सुबह से लेकर शाम तक लगी भीड़ के कारण स्थानीय लोगों को पेट्रोल के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। क्षेत्र के मढ़नी, भरौली, बढ़नी और मलगहिया स्थित पेट्रोल पंपों पर अक्सर तेल खत्म होने की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पेट्रोल न मिलने के कारण उन्हें अपनी बाइक धकेलकर ले जानी पड़ती है, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाकर नेपाल ले जाते हैं और वहां ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाते हैं। बताया जाता है कि नेपाल में पेट्रोल की कीमत भारत की तुलना में लगभग 40 रुपये प्रति लीटर अधिक है, जिससे इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पेट्रोल की आपूर्ति सुचारु कराई जाए और सीमा क्षेत्र में हो रही संभावित अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।







