Home उत्तर प्रदेश नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, आत्मरक्षा का लिया...

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, आत्मरक्षा का लिया प्रशिक्षण

KAUSHAMBI NEWS: कड़ा ब्लॉक के केसारी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगोली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ आत्मरक्षा का ज्ञान छात्राओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाता है। ऐसे आयोजन उन्हें विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं और समाज में नारी सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य नीरज केसरी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य छात्राओं को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर उन्हें जीवन के हर क्षेत्र के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं में आत्मनिर्भरता, साहस और जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालय में समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जाता है।
इस दौरान छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया, वहीं आत्मरक्षा के विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में नारी सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प लिया गया।