JHANSI NEWS: जिला मुख्य हज ट्रेनर (हज कमेटी ऑफ इंडिया) हाजी हाफिज निजामुल हक सिद्दीकी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही इच्छुक आवेदकों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू हो गई है, जो 20 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि हज यात्रा के इच्छुक लोग हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट तथा “हज सुविधा” मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है ताकि आवेदकों को सुविधा मिल सके। हाजी हाफिज निजामुल हक सिद्दीकी ने बताया कि जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन प्रक्रिया) आयोजित की जाएगी। चयनित होने वाले प्रत्येक प्रोविजनल हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि जमा करनी होगी। उन्होंने कहा कि सभी आवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना आवश्यक है, क्योंकि आवेदन की अंतिम तिथि में किसी प्रकार की छूट या विस्तार दिए जाने की संभावना नहीं है। उन्होंने हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले लोगों से अपील की कि वे आवेदन करने से पहले हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी हज गाइडलाइन-2027 का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर लें।
जिला हज ट्रेनर ने बताया कि जिन लोगों के पास अभी पासपोर्ट नहीं है, वे जल्द से जल्द पासपोर्ट के लिए आवेदन करें। वहीं जिनके पास पासपोर्ट उपलब्ध है, वे आवेदन से पहले उसकी वैधता की जांच कर लें। उन्होंने कहा कि हज आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए आवेदक उनसे संपर्क कर सकते हैं।
हाजी हाफिज निजामुल हक सिद्दीकी ने सभी इच्छुक हज यात्रियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।







