Home उत्तर प्रदेश स्वामी प्रसाद मौर्य पर भगवान राम-हनुमान पर अभद्र टिप्पणी के मामले में...

स्वामी प्रसाद मौर्य पर भगवान राम-हनुमान पर अभद्र टिप्पणी के मामले में करणी सेना ने कोतवाली में दी तहरीर

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा भगवान श्रीराम और हनुमान जी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के अध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार ने सोमवार को कोतवाली देहात थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और आरोपी नेता की गिरफ्तारी की मांग की। तहरीर में दिलीप सिंह गहरवार ने आरोप लगाया कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने हाल ही में भगवान श्रीराम को अक्षम बताते हुए बजरंगबली पर भी अशोभनीय टिप्पणी की है। इसका वीडियो ‘न्यूज़ 24’ के फेसबुक पेज व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। इससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। करणी सेना अध्यक्ष ने कहा कि हिंदू राष्ट्र में भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी करना देशद्रोह की श्रेणी में आता है। यह कृत्य जानबूझकर हिंदुओं की आस्था पर कुठाराघात है जिसे समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने मांग की कि स्वामी प्रसाद मौर्य के विरुद्ध जातीय हिंसा भड़काने, धार्मिक भावनाएं आहत करने और राष्ट्रद्रोह की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए। साथ ही संगठन ने मांग की है कि स्वामी प्रसाद मौर्य के भविष्य में किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने और चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगाया जाए। दिलीप सिंह ने कहा कि हिंदू समाज के आराध्य पर टिप्पणी करने वाले नेता पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके।