Home उत्तर प्रदेश स्टेडियम तक दौड़े 80 खिलाड़ी, सचिन और कौशल्या ने मारी बाजी

स्टेडियम तक दौड़े 80 खिलाड़ी, सचिन और कौशल्या ने मारी बाजी

KAUSHAMBI NEWS: खेल दिवस सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में जिला स्तरीय जूनियर बालक व  बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई। खेलो इंडिया व  फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में 80 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इनमें 55 बालक और 25 बालिकाएं शामिल रहीं। प्रतियोगिता के अंतर्गत बालक व बालिका वर्ग की दौड़ कोढ़र चौराहा से जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम तक कराई गई। सुबह सात बजे आयोजित दौड़ का शुभारंभ उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सचिन ने प्रथम, सुधीर ने द्वितीय और अजय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सचिन कुमार चौथे, रामबाबू पांचवें तथा गोविन्द छठे स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में कौशल्या ने प्रथम, रचना पाल ने द्वितीय और कोमल मौर्या ने तृतीय स्थान हासिल किया। लक्ष्मी चौथे, पूजा पांचवें व  मोनिका छठे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उप क्रीड़ाधिकारी ने खिलाड़ियों को खेलों में निरंतर अभ्यास करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। इस अवसर पर क्रिकेट प्रशिक्षक कौशिक पाल, खेलो इंडिया प्रशिक्षक संदीप कुमार, अरविंद मौर्या, विपिन चौधरी, मनोज कुमार, राम लौटन, अमरनाथ चौधरी, दिनेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।