Home उत्तर प्रदेश डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को दूसरी बार मिला ‘उत्कृष्ट सेवा सम्मान’

डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को दूसरी बार मिला ‘उत्कृष्ट सेवा सम्मान’

टीबी मरीजों को गोद लेने से लेकर स्वास्थ्य जागरूकता और रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राजभवन में हुए सम्मानित

KAUSHAMBI NEWS: शहर के चौधराना निवासी एवं इंडियन रेडक्रास सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन तथा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लगातार दूसरी बार ‘उत्कृष्ट सेवा सम्मान 2025-26’ से सम्मानित किया गया। सोमवार को राजभवन में आयोजित इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश की वार्षिक सामान्य बैठक में राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश की अध्यक्षा आनंदीबेन पटेल तथा उपमुख्यमंत्री एवं सभापति ब्रजेश पाठक ने डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर रेडक्रास मुख्यालय नई दिल्ली की संयुक्त सचिव प्रतिनिधि वनश्री, उपसभापति अमरनाथ मिश्र, महासचिव रामानंद कटियार, कोषाध्यक्ष अरुण सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने वर्ष 2025-26 के दौरान स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए। भारत मुक्त टीबी अभियान के तहत उन्होंने सर्वाधिक क्षय रोगियों को गोद लेकर 851 पोषण पोटली वितरित कीं। वहीं 100 दिवसीय टीबी सघन जागरूकता अभियान के तहत 139 विद्यालयों और बस्तियों में लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया। आपात स्थिति में जीवन बचाने के उद्देश्य से चलाए गए सीपीआर प्रशिक्षण अभियान के तहत 46 विद्यालयों, पांच कार्यालयों और पीएसी जवानों को प्रशिक्षण दिया गया। स्वास्थ्य जागरूकता के साथ जनसेवा के तहत चिकनपॉक्स और डेंगू से बचाव के लिए 89,370 बच्चों, लू से बचाव के लिए 9,325 लोगों तथा कंजक्टिवाइटिस के प्रकोप को कम करने के लिए 28,325 बच्चों को होम्योपैथिक औषधियां उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा वर्षभर में 23 रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। बाढ़ पीड़ितों, अग्निपीड़ितों और जरूरतमंद लोगों की सहायता सहित विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों में भी डॉ. श्रीवास्तव ने योगदान दिया। सम्मान मिलने पर डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने इसे इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के सभी सदस्यों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान रेडक्रास परिवार के सदस्यों के आशीर्वाद, सहयोग और प्रेरणा का परिणाम है। कार्यक्रम में रेडक्रास फतेहपुर के सचिव अजीत सिंह तथा आजीवन सदस्य गोरेलाल भी मौजूद रहे।