PRATAPGARH NEWS: सूरत में रह रहे युवक की मौत की जानकारी होने पर यहां परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन परिजन सूरत के लिए रवाना हो गये। सांगीपुर थाना क्षेत्र के लखहरा निवासी बाइस वर्षीय वीरेन्द्र सिंह उर्फ वीरू पुत्र अजय कुमार सिंह सूरत में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। गुरूवार की रात संदिग्ध दशा में घर के कमरे मे उसका शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। शुक्रवार की सुबह दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो वीरेन्द्र का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को फोन पर दी। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक इकलौता पुत्र था। उसकी एक बड़ी बहन है। मौत की जानकारी होने के बाद परिजन सूरत के लिए रवाना हो गये।







