तुलसियापुर गेट हादसा: पांच दिन बाद भी मदद न मिलने पर भड़के सपा नेता, सौंपी राहत सामग्री
SIDHARTHNAGAR NEWS: शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तुलसियापुर चौराहे पर बीते सप्ताह निर्माणाधीन प्रवेश द्वार (गेट) गिरने से मरे २४ वर्षीय मजदूर मुस्ताक के परिजनों को सांत्वना देने सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों का दस्ता उनके मढ़नी स्थित पैतृक आवास पहुंचा। सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विरोधी दल (नेता प्रतिपक्ष) माता प्रसाद पाण्डेय ने प्रशासनिक शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए उच्चाधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को अविलंब उचित सरकारी मुआवजा व अन्य देय लाभ उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण और मुलाकात के दौरान समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री मणेन्द्र मिश्रा ने स्थानीय प्रशासन के रवैये को बेहद संवेदनहीन करार दिया। उन्होंने कहा कि हादसे को पांच दिन बीत जाने के बाद भी शासन-प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को कोई सुध न लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री मिश्रा ने अपनी तरफ से मृतक के पिता किताबुल्लाह को राशन किट व दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्रियां सौंपी। इस दौरान मुख्य रूप से उग्रसेन सिंह, इब्राहिम बाबा, वीरेंद्र तिवारी, शकील शाह, जावेद खान, मसूद खान, गोपाल फौजी, हरिनाथ यादव, राकेश दूबे, अजय चौरसिया, जमील प्रधान, महबूब आलम, सऊद खां, मौलाना अलीम, संजय यादव, जलाल अहमद, अब्दुल मन्नान, गुड्डू, दानिश, मो. खालिद, शादाब आलम, मारूफ आलम, शफीक, हरिहर प्रसाद व इरशाद सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे।







