एसडीएम, तहसीलदार, एसीपी ने सुनी शिकायतें, निस्तारण के दिए निर्देश
PRAYAGRAJ NEWS: शनिवार को तहसील कोरांव में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उप जिलाधिकारी कोरांव संदीप तिवारी की अध्यक्षता में किया गया। जहां कुल 305 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। प्राप्त शिकायतों में राजस्व से जुड़ी आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि शेष अन्य शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार रोशनी सोलंकी, एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय, नायब तहसीलदार राम मूरत, नायब तहसीलदार राजू शुक्ला, समेत अन्य अधिकारियों ने आए हुए फरियादियों की शिकायतें सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निस्तारण के लिए निर्देशित किया। संपूर्ण समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग की 138, पुलिस विभाग की 52, विकास विभाग की 45, शिक्षा विभाग की दो, स्वास्थ्य विभाग की एक, समाज कल्याण विभाग की दो तथा अन्य विभागों की कुल 65 शिकायतें दर्ज कराई गई। जिनके निस्तारण के लिए सभी भागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सिंचाई, बाल विकास विभाग, कृषि एवं विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन विभागों में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई जाएगी उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।







