Home उत्तर प्रदेश संगठनात्मक मजबूती के लिए जिले के 353 शक्ति केंद्रों पर भाजपा की...

संगठनात्मक मजबूती के लिए जिले के 353 शक्ति केंद्रों पर भाजपा की बैठकें आयोजित

जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव बोले— संगठन की सबसे बड़ी ताकत मजबूत बूथ

22 जुलाई के बूथ सम्मेलन और ‘मन की बात’ कार्यक्रम की तैयारियों पर बनी रणनीति
FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर रविवार को जनपद के सभी मंडलों के 353 शक्ति केंद्रों पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करना रहा। बैठकों में शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ संबंधित बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र क्षेत्र में निवास करने वाले पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। जिला पदाधिकारियों एवं मंडल प्रभारियों ने भी अपने-अपने निर्धारित शक्ति केंद्रों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के गाजीपुर मंडल के चुरियानी एवं अयाह शक्ति केंद्र की बैठकों में भाग लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ संगठन की मजबूती में शक्ति केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता से कार्य करना होगा। बैठक के दौरान डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम, आगामी विधानसभा स्तर के संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा 22 जुलाई को प्रदेशभर में आयोजित होने वाले बूथ सम्मेलन और ‘मन की बात’ कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अयाह शाह क्षेत्र की बैठक में जिला महामंत्री पंकज त्रिवेदी, रुद्रपाल सिंह सहित शक्ति केंद्र संयोजक और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने खागा विधानसभा क्षेत्र के धाता मंडल अंतर्गत अहमदपुर कुसुंभा, सैदपुर और बेलाई शक्ति केंद्रों पर आयोजित बैठकों में भाग लिया। इस दौरान प्रदीप सिंह, विष्णु केसरवानी, शिवभूषण, कुलदीप सिंह, रामदुलारे पासवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठकों में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।