SIDHARTHNAGAR NEWS: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने और आम जनमानस में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से थाना शोहरतगढ़ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। 11 अगस्त को आयोजित इस देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम में जब्बार शोहरत अली पब्लिक स्कूल, पिपरा कोटिया बाजार के स्कूली बच्चों ने भारी संख्या में पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपने-अपने घरों पर गौरव के साथ तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए प्रेरित करना था। इस तिरंगा यात्रा का सफल नेतृत्व पुलिस चौकी कोटिया के उप-निरीक्षक विजय कुमार सिंह मय हमराह तथा 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कंपनी कमांडर नीरज कुमार शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक बसीर अहमद एवं विद्यालय के अध्यापकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों ने स्थानीय दुकानदारों, ग्रामीणों और राहगीरों से संवाद कर उन्हें तिरंगे का सम्मान करने तथा ध्वजारोहण से जुड़े नियमों के बारे में जागरूक किया। स्कूली बच्चों के इस अद्भुत उत्साह और पुलिस-सुरक्षा बलों के बेहतरीन समन्वय की स्थानीय जनता ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।







