प्रभारी एडीओ पंचायत अर्पण अग्रवाल व अन्य के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा रैली
FATEHPUR NEWS: शासन के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को ऐरायां विकास खंड परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई। ये यात्रा जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन तथा खण्ड विकास अधिकारी ऐरायां के मार्गदर्शन तथा प्रभारी एडीओ पंचायत अर्पण अग्रवाल, एडीओ एग्रीकल्चर देवेन्द्र मिश्रा, एडीओ कोऑपरेटिव राजबली व एडीओ आईएसबी उदयभान सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में ब्लॉक के अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा यात्रा के दौरान कर्मचारी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बाइक तथा पैदल यात्रा करते हुए आगे बढ़े। रैली में देशभक्ति से जुड़े नारों और राष्ट्रीय भावना का माहौल देखने को मिला। तिरंगा हाथ में लेकर चल रहे कर्मचारियों को देखकर क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह नजर आया। जगह-जगह लोगों की भीड़ एकत्रित हुई और लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। प्रभारी एडीओ पंचायत अर्पण अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर भी है। रैली के दौरान ब्लॉक कर्मियों ने लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। बाइक और पैदल निकली तिरंगा यात्रा से क्षेत्र का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के सहायक विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, सफाई कर्मचारी तथा ब्लॉक के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और सम्मान व्यक्त किया। तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक प्रबंध किए गए। रैली के समापन पर सभी कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।







