KUSHINAGAR NEWS: सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भुवन ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश संजीव कुमार त्यागी की अध्यक्षता में दिनांक 12 सितंबर, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से एक आवश्यक बैठक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विश्राम कक्ष में जनपद के समस्त राष्ट्रीयकृत बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में संतोष कुमार, प्रबंधक, जिला अग्रणी बैंक; प्रतीक कुमार, शाखा प्रबंधक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया; रवि कुमार त्रिपाठी, शाखा प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा; पंकज जायसवाल, शाखा प्रबंधक, इंडियन बैंक; विनय कुमार त्रिपाठी, शाखा प्रबंधक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित जनपद के समस्त राष्ट्रीयकृत बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भुवन ने समस्त बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि आगामी 12 सितंबर, 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को चिन्हित करते हुए संबंधित पक्षकारों से समन्वय स्थापित कर उनका सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रबंधकों से आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की।







