Home उत्तर प्रदेश मॉडल बार एसोसिएशन खागा ने 56 वरिष्ठ अधिवक्ताओं का किया सम्मान

मॉडल बार एसोसिएशन खागा ने 56 वरिष्ठ अधिवक्ताओं का किया सम्मान

FATEHPUR NEWS: खागा तहसील स्थित मॉडल बार एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को बार सभागार में वरिष्ठ अधिवक्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चार दशक से अधिक समय तक विधिक सेवा देने वाले 56 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को अंगवस्त्र एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुए समारोह का शुभारंभ अतिथियों के माल्यार्पण एवं स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद मंचासीन अतिथियों की उपस्थिति में वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य लंबे समय से न्यायिक एवं विधिक सेवा दे रहे वरिष्ठ अधिवक्ताओं के योगदान का सम्मान करना था। मॉडल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि खागा बार में लगातार 40 वर्ष से अधिक समय तक विधिक सेवा देने वाले 56 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि इन अधिवक्ताओं ने अपने अनुभव और मार्गदर्शन से न केवल न्यायिक व्यवस्था को मजबूत किया है, बल्कि अनेक युवा अधिवक्ताओं को भी तैयार किया है। समारोह के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी खागा अभिनीत कुमार रहे। विशिष्ट अतिथियों में तहसीलदार शैल कुमारी, सीओ चकबंदी अजय कुमार पोरवार, पुलिस क्षेत्राधिकारी खागा रवि प्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार हथगाम, एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीकृष्ण श्रीवास्तव, मॉडल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तथा महामंत्री मलखान सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में विशेष सहयोग देने वाले अधिवक्ता रामसखा द्विवेदी, कपिल यादव, गोविंद तिवारी, इसराइल फारूकी, नफीशुल हरियाले एवं अजय त्रिपाठी ने कहा कि खागा बार के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने दशकों तक अपनी विधिक प्रतिभा और अनुभव से जनपद ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके मार्गदर्शन में सैकड़ों जूनियर अधिवक्ता तैयार हुए हैं, जो आज न्यायिक क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों का सम्मान करना बार की गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है। आज के जूनियर यदि अपने वरिष्ठों का सम्मान करेंगे तो आने वाले समय में यही परंपरा आगे बढ़ेगी। इसी उद्देश्य से बार एसोसिएशन ने यह सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम की अतिथियों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन अधिवक्ताओं के बीच आपसी सम्मान, अनुभवों के आदान-प्रदान और नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य करते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।