FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से एक अधेड़ की मौत हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव और बाद में जिला अस्पताल फतेहपुर ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, थाना हथगांव क्षेत्र के प्रयागदासपुर मजरा पैगापुर निवासी उदयभान यादव (45) पुत्र कुंजन यादव अपनी पत्नी लालती देवी और दो बेटियों के साथ प्रेमनगर कस्बे के भादर रोड स्थित अपने ससुर भोला यादव के मकान में रह रहे थे। रविवार को उनकी पत्नी खेती-बाड़ी के कार्य से गांव गई थीं, जबकि दोनों बेटियां भी शाम को गांव चली गई थीं। इस दौरान उदयभान घर पर अकेले थे। देर रात उन्होंने संदिग्ध परिस्थितियों में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। मृतक की बड़ी बेटी प्रियंशी यादव ने बताया कि रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने घर से कराहने की आवाज सुनकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर मकान का दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते घर के भीतर प्रवेश कर दरवाजा खोला गया। इसके बाद डायल-112 की सहायता से उदयभान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक की पत्नी लालती देवी, पुत्रियों प्रियंशी और साक्षी यादव सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर सुल्तानपुर घोष पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों की तहरीर तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।







